जिंदल स्टेनलेस ने इंडोनेशिया में स्टील मेल्ट शॉप का किया शुभारंभ

नयी दिल्ली, 24 मार्च (वार्ता) जिंदल स्टेनलेस ने अपनी मेल्टिंग क्षमता 40 प्रतिशत बढ़ाने की घोषणा के दो साल के भीतर इंडोनेशिया में 12 लाख टन प्रति वर्ष क्षमता वाले स्टेनलेस स्टील मेल्ट शॉप (एसएमएस) का संचालन शुरू कर दिया है। कंपनी ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इससे उसकी कुल मेल्टिंग क्षमता बढ़कर 42 लाख टन सालाना हो जायेगी। इसमें देश में 30 लाख टन की क्षमता भी शामिल है। जिंदल स्टेनलेस ने संयुक्त उद्यम के तहत इंडोनेशिया में यह प्लांट विकसित किया है।

मेल्टिंग क्षमता में वृद्धि के साथ ही कंपनी ओडिशा के जाजपुर में 11 लाख टन सालाना की ‘नयी हॉट रोल्ड एनील्ड पिकल्ड’ (एचआरएपी) लाइन और 1.7 लाख टन की कोल्ड रोलिंग क्षमता शुरू करने की तैयारी कर रही है। ये दोनों लाइन क्रमशः वित्त वर्ष 2026-27 की चौथी तिमाही और दूसरी तिमाही तक शुरू होने की उम्मीद है। ये कार्य पहले से घोषित 1,900 करोड़ रुपये के व्यय के तहत किये जाएंगे।
उत्पादन श्रृंखला के अगले चरण में कंपनी ने अपनी कोल्ड रोलिंग क्षमता को और मजबूत बनाने के लिए हिसार और खड़गपुर में 900 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश की घोषणा की है, जिन्हें वित्त वर्ष 2027-28 की दूसरी तिमाही तक संचालित किया जायेगा।

इन विस्तार परियोजनाओं के बाद कंपनी की कोल्ड रोलिंग क्षमता वित्त वर्ष 2027-28 तक 6.2 लाख टन बढ़कर 26.7 लाख टन प्रति वर्ष हो जायेगी। विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस समकालिक वृद्धि से कंपनी को वित्त वर्ष 2028-29 तक लगभग 35 लाख टन की बिक्री का लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी, जिससे अगले तीन वर्ष में बिक्री में दोहरे अंकों की वृद्धि होगी। जिंदल स्टेनलेस के प्रबंध निदेशक अभ्युदय जिंदल ने कहा कि निर्धारित समय से पहले इंडोनेशिया संयंत्र का चालू होना कच्चे माल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और समग्र विकास के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Next Post

शेयर बाजारों में लौटी तेजी

Tue Mar 24 , 2026
मुंबई, 24 मार्च (वार्ता) विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को तेजी रही। बीएसई का सेंसेक्स 21 महीने के निचले स्तर से उबरता हुआ 1,372.06 अंक (1.89 प्रतिशत) चढ़कर 74,068.45 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 399.75 अंक यानी […]

You May Like