महाराजा यशवंतराव अस्पताल का बिगड़ा ढर्रा, परिजन खुद खींचते दिखे स्ट्रेचर


इंदौर: शहर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल महाराजा यशवंतराव अस्पताल में व्यवस्थाएं सुधरने का नाम नहीं ले रही हैं. हाल ही में वायरल हुए वीडियो में तीन अलग परिजन अपने मरीजों को खुद ही स्ट्रेचर पर खींचते हुए नजर आए. अस्पताल परिसर में उस दौरान कोई अटेंडर मौजूद नहीं दिखा. कुछ दिन पहले भी ऐसा ही एक वीडियो सामने आया था, जिसमें परिजन स्ट्रेचर खींचते दिखे थे. अब लगातार सामने आ रहे मामलों ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

एमवाय अस्पताल में शासन द्वारा आधुनिक मशीनें और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. बावजूद इसके, कर्मचारियों की लापरवाही के चलते व्यवस्थाएं चरमराती नजर आ रही हैं. वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि तीन अलग-अलग परिजन अपने मरीजों को स्वयं ही स्ट्रेचर पर लेकर जा रहे हैं.

कैजुअल्टी और कॉरिडोर में अटेंडर नजर नहीं आए

अस्पताल में कार्यरत एजेंसियों पर भी सवाल उठ रहे हैं. यहां काम कर रही एजेंसियों के कर्मचारी पहले भी विवादों में रह चुके हैं. मरीजों और उनके परिजनों से अभद्रता के वीडियो भी वायरल हो चुके हैं. इसके बावजूद सुधार नजर नहीं आ रहा है.

एंबुलेंस चालक मरीज छोड़कर चला गया
मामले में अस्पताल अधीक्षक अशोक यादव ने बताया कि दोपहर 12.30 से 1 बजे के बीच परिजन मरीज को ओपीडी में दिखाने आए थे और स्वयं ही स्ट्रेचर लेकर आ रहे थे. कैजुअल्टी की ओर आते समय स्टाफ ने उन्हें अटेंड कर लिया था. अधीक्षक के अनुसार जांच में सामने आया कि एंबुलेंस निजी थी और चालक मरीज को छोड़कर चला गया. नियम के अनुसार एंबुलेंस चालक को मरीज को ऊपर तक पहुंचाकर कैजुअल्टी में रिपोर्ट दर्ज करानी होती है. इसके बाद ही वह वापस जा सकता है. निजी एंबुलेंस चालक को नोटिस जारी कर कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है.

कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल
अस्पताल में कार्यरत कंपनी बीवीजी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं.
अधीक्षक ने बताया कि कंपनी की अन्य लापरवाहियां भी सामने आई हैं, जिसके लिए नोटिस जारी किया जाएगा. साथ ही अब स्टाफ के लिए ड्रेस कोड और नेम प्लेट अनिवार्य कर दी गई है। भविष्य में किसी भी कर्मचारी की लापरवाही सामने आने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

लगातार सामने आ रही घटनाओं से यह सवाल उठ रहा है
जब अस्पताल प्राइवेट अस्पतालों की बराबरी की सुविधाएं देने का दावा करता है, तो जमीन पर व्यवस्थाएं क्यों नहीं दिख रहीं?
मरीजों और उनके परिजनों को मूलभूत सुविधाएं तक न मिलना, अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर रहा है.

Next Post

सिंगल यूज प्लास्टिक बंद करने महिलाओं का साड़ी वाकेथान

Mon Mar 2 , 2026
इंदौर: आज शहर की सफाईकर्मी और महिलाओं ने सिंगल यूज प्लास्टिक को पूर्ण रूप से बंद करने के लिए साड़ी वाकेथॉन किया. साड़ी वाकेथॉन को महापौर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. वाकेथॉन नेहरू स्टेडियम से डेली कॉलेज से वापस स्टेडियम पहुंची. खास बात यह है कि महापौर ने महिलाओं […]

You May Like

मनोरंजन