भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर एयरपोर्ट जाते समय एक सादे और आत्मीय अंदाज़ में शहर के प्रसिद्ध मौसा पराठा हाउस में अचानक रुककर इंदौरी पोहा-जलेबी और गरमा-गरम चाय का आनंद लिया। मुख्यमंत्री का यूं अचानक पहुंचना देख रेस्टोरेंट में मौजूद कर्मचारियों और लोगों में उत्साह का माहौल बन गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर की पारंपरिक नाश्ते की संस्कृति की सराहना करते हुए कहा कि पोहा-जलेबी मध्य प्रदेश की पहचान है और इंदौर का स्वाद देशभर में मशहूर है। उन्होंने रेस्टोरेंट के सभी वर्करों से आत्मीय संवाद किया और उनके साथ फोटो भी खिंचवाए।
मुख्यमंत्री का यह सहज और सरल व्यवहार लोगों को खासा पसंद आया। कुछ देर रुकने के बाद वे एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। इस दौरान आमजन ने मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर खुशी जाहिर की।
