महाराष्ट्र: नागपुर में पिकअप पलटने से 26 मज़दूर घायल

नागपुर,(वार्ता) महाराष्ट्र के नागपुर ज़िले की नरखेड़ तहसील में मोवाड के पास मज़दूरों को ले जा रही एक पिकअप के पलटने से कम से कम 26 मज़दूर घायल हो गए, जिनमें से दस की हालत गंभीर है।

पुलिस ने आज यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार ये मज़दूर पड़ोसी अमरावती ज़िले की वारुड तहसील के रहने वाले थे। वे गणेशपुर से बेलौना गाँव संतरे तोड़ने के लिए जा रहे थे, तभी शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे यह हादसा हो गया।

उन्होंने बताया कि मोवाड के पास तेज़ रफ़्तार गाड़ी से ड्राइवर का नियंत्रण हट गया, जिससे गाड़ी सड़क पर ही पलट गई। बताया जा रहा है कि गाड़ी में क्षमता से ज़्यादा मज़दूर सवार थे। जब गाड़ी पलटी तो कई मजदूर एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे और गाड़ी के नीचे फँसे घायल मज़दूरों को निकालने में मदद की। उन्होंने घायलों को पास के अस्पताल में पहुँचाने में भी सहायता की।

घटना की सूचना मिलते ही नरखेड़ थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और बचाव कार्यों में सहयोग किया।

अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद, दस गंभीर रूप से घायल मज़दूरों को आगे के इलाज के लिए नागपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।

इस घटना के संबंध में एक मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जाँच जारी है।

Next Post

गारो परिषद के पूर्व सदस्य रहमान सांप्रदायिक हिंसा भड़काने के आरोप में गिरफ़्तार

Tue Mar 17 , 2026
तुरा, (वार्ता) मेघालय पुलिस ने सोमवार को गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद (जीएचएडीसी) के पूर्व सदस्य सोफ़ियोर रहमान को ज़िले में हाल ही में हुई हिंसा के सिलसिले में गिरफ़्तार कर लिया। इस हिंसा में दो लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। तुरा […]

You May Like