विंध्य में कांग्रेस के ब्राह्मण नेताओं का चिंतन, राहुल तक सीधे पहुंचाएंगे अपनी बात

रीवा। विंध्य की राजनीति में कांग्रेस की नाव डगमगाती दिख रही है और इसी डगमगाहट के बीच कांग्रेस के ब्राह्मण नेताओं का गुस्सा अब सड़क पर आ गया है। रीवा के समदरिया गोल्ड में आयोजित ब्राह्मण चिंतन शिविर ने कांग्रेस आलाकमान के लिए साफ चेतावनी का बिगुल बजा दिया। मंच से गरजते हुए नेताओं ने कहा हर चुनावी जीत में ब्राह्मण समाज निर्णायक भूमिका निभाता है, लेकिन संगठन में उसकी हिस्सेदारी लगातार घटाई जा रही है। यह अपमान अब और नहीं सहा जाएगा।

करीब सवा सौ ब्राह्मण नेता इस बैठक में जुटे और कांग्रेस नेतृत्व पर सीधा हमला बोला। वक्ताओं का तेवर तल्ख रहा, कहा कांग्रेस अपनी जड़ों से कट चुकी है और ब्राह्मण समाज को दरकिनार कर पार्टी खुद अपने पतन की पटकथा लिख रही है।

बैठक में पूर्व विधायक लक्ष्मण तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष दिलीप मिश्रा, रामशंकर प्यासी, कविता पांडे, ओमप्रकाश अग्निहोत्री, शिवकुमार मिश्र, अमित द्विवेदी, देवेंद्र दुबे, दरोगा पाठक, विनोद मिश्रा, गणेश पांडे, रवि शर्मा, विजेंद्र शुक्ला, दिनेश नारायण पीडिया, विपिन पांडे, महेंद्र उपाध्याय, महीपत शुक्ला, अखिल मिश्रा, प्रभात द्विवेदी सहित दिग्गजों ने कांग्रेस की नीतियों पर जमकर सवाल उठाए।

स्वर एक ही रहा,अब और उपेक्षा नहीं सहेंगे। नेताओं ने साफ कहा कि अगर ब्राह्मण समाज की अनदेखी जारी रही तो विंध्य में कांग्रेस की सियासी जड़ें उखड़ जाएंगी।

सूत्रों के मुताबिक, इस शिविर के सूत्रधार विनोद शर्मा और गिरिजेश पांडे रहे। चर्चा में यह भी खुलकर सामने आया कि मप्र के नेता राहुल गांधी तक गलत फीडिंग पहुंचा रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि राहुल ने अपनी अमेठी सीट तक ब्राह्मण उम्मीदवार को दी है। लिहाजा यह सहमति बनी कि ब्राह्मण नेतृत्व को सीधे राहुल गांधी तक अपनी बात पहुंचानी होगी।

Next Post

गोविंदपुरा सिविल हॉस्पिटल में पहली डिलीवरी, क्षेत्रवासियों को मिली राहत

Sat Sep 6 , 2025
भोपाल। गोविंदपुरा स्थित सिविल हॉस्पिटल में शनिवार को पहली बार प्रसव सेवाएं शुरू हुईं। पटेल नगर रायसेन रोड निवासी महिला ने यहां नॉर्मल डिलीवरी के माध्यम से स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। मां और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। प्रसूता की गर्भावस्था संबंधी सभी जांचें अस्पताल में ही की […]

You May Like