भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश में मनाए जा रहे किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों, योजनाओं और विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रधानमंत्री को दी।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री को बताया कि प्रदेश में किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को अधिक लाभकारी बनाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से किसान कल्याण वर्ष के तहत अनेक नवाचार और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसके माध्यम से कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन तथा सहकारिता से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से किसानों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने प्रधानमंत्री को राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं, कृषि क्षेत्र में तकनीक के उपयोग, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और उत्पादन बढ़ाने के प्रयासों की भी जानकारी दी। साथ ही प्रदेश के समग्र विकास, निवेश, अधोसंरचना और जनकल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों से भी अवगत कराया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य में किसानों के कल्याण और कृषि विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि और प्रदेश के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
