जबलपुर: पाटन के टपरिया गाडाघाट और खमरिया के वर्धाघाट से दो किशोरियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर रविवार को मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।जानकारी अनुसार पाटन थाना अंतर्गत ग्राम टपरिया गाडाघाट निवासी युवक ने पुलिस को बताया कि शनिवार की रात उनका परिवार खाना खाकर सो गया था। उनकी 16 वर्षीय बेटी अपनी मां के साथ कमरे में सो रही थी। रात करीब 3 बजे जब मां की नींद खुली, तो बेटी बिस्तर से गायब थी।
परिजनों ने तुरंत गांव और आसपास के मोहल्ले में खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। दूसरा मामला खमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम वर्धाघाट का है। यहाँ एक महिला ने अपनी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई कि बेटी ने इस वर्ष शासकीय स्कूल रिठौरी से कक्षा 10वीं की परीक्षा दी है। परिजनों के अनुसार शनिवार शाम करीब 4 से 6 बजे के बीच किशोरी घर से बिना बताए कहीं चली गई। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और पड़ोसियों के यहाँ तलाश की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
