मुंबई, 14 जुलाई (वार्ता) बड़ौदा बीएनपी परिबा म्यूचुअल फंड ने सेवा कारोबार के प्रमुख क्षेत्रों पर लक्षित नये निवेश-कोष बड़ौदा बीएनपी परिबा सर्विसेज फंड की पेशकश की है।
कंपनी की ओर से मंगलवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार निवेशकों के लिए इस नये कोष की पेशक (एनओएफ) की शुरुआत आज से चालू हो गयी और यह यह 28 जुलाई 2026 को बंद होगा। यह एक ओपन-एंडेड इक्विटी म्यूचुअल फंड है, जो सेवा कारोबार से जुड़ी कंपनियों से जुड़े शेयरों में निवेश करेगा।
देश में सेवाओं का क्षेत्र आर्थिक वृद्धि का सबसे बड़ा इंजन बनकर उभरा है, और सकल मूल्य वर्धन(जीवीए) में इसका योगदान विनिर्माण और कृषि क्षेत्र से लगातार ऊपर बना हुआ है। बड़ौदा बीएनपी परिबा एसेट मैनेजमेंट इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर संजय ग्रोवर का कहना है, “डिजिटलीकरण, लोगों की बढ़ती आय, वित्तीय सेवाओं की बढ़ती पहुंच, हेल्थकेयर की बढ़ती मांग और उपभोक्ता खर्च में लगातार बढ़ोतरी की वजह से भारत का सेवा क्षेत्र आने वाले सालों में भी देश की आर्थिक विकास की यात्रा का प्रमुख आधार बना रहेगा। ”
विज्ञप्ति के अनुसार इस फंड का निवेश दायरा लार्ज कैप, मिड कैप और स्मॉल कैप कंपनियों तक फैला होगा। इसमें निफ्टी 500 इंडेक्स में सर्विसेज सेक्टर से जुड़ी करीब 195 कंपनियां शामिल हैं। इसका मुख्य रूप से पैसा बैंकिंग और वित्तीय सेवा क्षेत्र, आईटी-एनेबल्ड सेवाओं, दूरसंचार, स्वास्थ्य और विविधीकृत रिटेल ई-कॉमर्स क्षेत्र में लगाया जाएगा।
फंड के फंड मैनेजर रोहन कोर्डे ने कहा, “भारत जैसी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था में सर्विसेज फंड उन सेक्टरों पर फोकस करता है, जिनमें लंबे समय से मजबूत ग्रोथ देखने को मिली है। इनमें बैंकिंग एंड फाइनेंशियल सर्विसेज, आईटी, हेल्थकेयर और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे सेक्टर शामिल हैं।”
