
सीहोर।शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. बीती रात पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में चोरों ने तीन दुकानों के ताले चटकाकर नकदी और सामान पार कर दिया. यही नहीं, पास स्थित प्राचीन इच्छापूर्ति हनुमान मंदिर की दानपेटी तक चोरों ने तोड़ डाली और उसमें रखी दानराशि ले उड़े.
वारदात थाना कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर हुई है, जिससे पुलिस की रात्रिकालीन गश्त पर सवाल उठ रहे हैं. टेलर की दुकान से ग्राहकों के कपड़े, जनरल स्टोर से परफ्यूम और गल्ले की नकदी तथा सब्जी दुकान से माल पार किया गया. इसके बाद मंदिर की दानपेटी को निशाना बनाया गया. घटना के समय वहां न तो गश्त के वाहन दिखे और न ही जवानों की मौजूदगी.
गौरतलब है कि हाल ही में क्रिसेंट रेसिडेंसी कॉलोनी में भी 30 लाख की चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका.लगातार बढ़ रही घटनाओं से लोगों में असुरक्षा का माहौल है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.
इस पर कोतवाली प्रभारी रविन्द्र यादव का कहना है कि चोरों की तलाश तेज कर दी गई है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.
