
भोपाल। कमाली माता मंदिर की भूमि पर प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण का विरोध तेज हो गया है। भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने धर्मगुरुओं, संत-महात्माओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर कार्यालय में बैठक कर प्रशासन के समक्ष जनभावनाएं रखीं।
सांसद शर्मा ने कहा कि लगभग 100 वर्ष पुराना कमाली माता मंदिर भोपाल की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। मंदिर की भूमि का किसी भी प्रकार से व्यावसायिक उपयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से कोई समझौता नहीं होगा।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मंदिर की भूमि पर प्रस्तावित किसी भी व्यावसायिक निर्माण की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए तथा मंदिर के धार्मिक स्वरूप और पवित्रता को सुरक्षित रखा जाए। बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं और सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने भी एक स्वर में मंदिर की भूमि के व्यावसायिक उपयोग का विरोध करते हुए प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करने और मंदिर की सुरक्षा एवं संरक्षण सुनिश्चित करने की मांग की।
सांसद ने विश्वास जताया कि प्रशासन जनभावनाओं का सम्मान करते हुए कमाली माता मंदिर की गरिमा और धार्मिक महत्व को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए उचित निर्णय लेगा।