
रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि विन्ध्य को देश का सबसे विकसित क्षेत्र बनाना है. रीवा, सतना, सीधी व सिंगरौली विकास के रास्ते में एक साथ आगे बढ़ेंगे तभी क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होगा. उप मुख्यमंत्री ने अमहिया स्थित अपने निज निवास में नववर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित किया.
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा के विकास की चर्चा राष्ट्रीय स्तर पर होती है. गत दिनों देश के गृहमंत्री अमित शाह ने रीवा के सोलर प्लांट, फोरलेन सडक़ों तथा चौबीस घंटे हवाई सेवा देने वाले रीवा एयरपोर्ट की चर्चा की थी. इनका क्षेत्र में पर्यटन एवं उद्योग के साथ हरित क्रांति का लक्ष्य लेकर विकास की संभावनाओं पर कार्य किया जा रहा है. नए वर्ष में सिंचाई की सुविधा को दुगना करने के साथ ही ललितपुर-सिंगरौली रेललाइन के कार्य में सीधी जिला मुख्यालय तक रेललाइन बिछाने का कार्य पूरा किए जाने का संकल्प है. उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ललितपुर-सिंगरौली रेललाइन के पूरा हो जाने पर हमारा क्षेत्र सीधे पूर्वोत्तर राज्यों से जुड़ जाएगा. केन्द्र और राज्य सरकार हर क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही हैं. इसका अधिक से अधिक लाभ विन्ध्य क्षेत्र को मिले इस दिशा में सभी जनप्रतिनिधि पूरी तत्परता से कार्य कर रहे हैं. इसके सार्थक परिणाम भी दिखाई दे रहे हैं. उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा में हमेशा से ही विकास की संभावनाएं रही हैं. गत वर्षों में हुए विकास कार्यों से लोग अचंभित हैं. उप मुख्यमंत्री ने पत्रकार साथियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं.
