
सीधी। म.प्र. जन अभियान परिषद् के जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत रविवार को ग्राम पंचायत रामगढ़ नं. 2 स्थित हिरन नदी उद्गम स्थल पर नदी अनुभूति, दीप प्रज्वलन, आरती एवं पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कायक्रम में जिला समन्वयक मुकेश कुमार गौर, विकासखण्ड समन्वयक अनिल पाठक तथा सरपंच शिवटहल कोल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिला समन्वयक मुकेश कुमार गौर ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है तथा नदियों, बावडिय़ों एवं अन्य पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हिरन नदी क्षेत्र की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर है जिसके संरक्षण के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाकर भविष्य के लिए जल संचय करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ग्रामवासियों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उपस्थित जनों ने हिरन नदी के उद्गम क्षेत्र एवं आसपास स्थित जल संरचनाओं की स्वच्छता, संरक्षण एवं संवर्धन के लिए श्रमदान किया तथा जल स्रोतों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
००
100 दिवसीय ग्रामोत्सव में हो रहे विविध कार्यक्रम
ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति रामगढ़ नं. 2 के आयोजन एवं अमित कुमार गौतम स्वतंत्र के संयोजन में 10 जून से 100 दिवसीय ग्रामोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। संयोजक अमित कुमार गौतम ने बताया कि विगत 12 वर्षों से ग्रामोत्सव का आयोजन निरंतर किया जा रहा है तथा इस वर्ष इसे 100 दिवसीय स्वरूप प्रदान किया गया है। ग्रामोत्सव के 12वें से 20वें दिवस तक हिरन नदी में श्रमदान, साज-सज्जा, बीजारोपण, बीज संग्रह, नदी पूजन, दीपदान आदि शंकराचार्य जीवन परिचयात्मक पुस्तक वितरण, जनसंवाद तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिव्यांग परिवार के लिए रोजगार प्रारंभ कराया गया।
