शेयर और आईपीओ के नाम पर रिटायर्ड अफसर से 17.37 लाख ठगे

इंदौर। शेयर बाजार और आईपीओ में मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगों ने रिटायर्ड बैंक अधिकारी को अपना शिकार बना लिया. गूगल विज्ञापन के जरिए संपर्क में आए आरोपियों ने पहले दो हफ्ते तक मुनाफा दिखाकर भरोसा जीता और फिर निवेश के नाम पर 17.37 लाख रुपए ठग लिए. मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की.

पारसी मोहल्ला में रहने वाले 71 वर्षीय पूनमचंद महाजन इस ठगी के शिकार हुए हैं, वे एक निजी बैंक से रिटायर हैं. संयोगितागंज थाना प्रभारी केपी यादव ने बताया कि सोमवार 2 मार्च के आसपास फरियादी ने गूगल पर 5 पैसा केपिटल नाम का विज्ञापन देखा, जिसके बाद संबंधित ऐप डाउनलोड कर ली. ऐप डाउनलोड करते ही अलग अलग नंबरों से कॉल आने लगे. कॉल करने वालों ने खुद को शेयर मार्केट एक्सपर्ट बताते हुए निवेश कराने की बात कही. शुरुआत में 2 और 3 मार्च को 10 – 10 हजार रुपए डलवाए और करीब दो हफ्ते तक मुनाफा दिखाकर भरोसा जीत लिया. विश्वास बनने के बाद आरोपियों ने शेयर के नाम पर 2 लाख रुपए और आईपीओ में निवेश के नाम पर करीब 12 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए. जब पूनमचंद ने बेटे के इलाज के लिए रकम निकालने की बात कही तो आरोपियों ने पहले 10 प्रतिशत और फिर 30 प्रतिशत मार्जिन मनी के नाम पर और पैसे मांगे. इस पर उन्होंने करीब 4.60 लाख रुपए और भेज दिए. इतनी बड़ी रकम लेने के बाद भी आरोपियों ने न तो पैसा लौटाया और न ही संपर्क में रहे. बाद में फोन और मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया. कुल मिलाकर बुजुर्ग से 17 लाख 37 हजार रुपए की ठगी कर ली गई. मामले में पहले क्राइम ब्रांच में शिकायत की गई थी, जांच के बाद प्रकरण संयोगितागंज थाने भेजा गया, जहां अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है. एडिशनल डीसीपी क्राईम राजेश दंडोतिया का कहना है कि जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जांच की जा रही है और उन्हें फ्रीज कराने की प्रक्रिया चल रही है. साथ ही आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

Next Post

पुलिस मुख्यालय में विदाई समारोह: नौ कर्मचारी हुए सेवानिवृत्त, DGP ने किया सम्मानित

Tue Mar 31 , 2026
भोपाल। पुलिस मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं से सेवानिवृत्त हुए नौ कर्मचारियों को मंगलवार को आयोजित एक समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को पौधे एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए तथा उनके स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की। साथ ही उनके लंबित […]

You May Like