सिंगरौली: जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर संयुक्त टीम ने सहकार ग्लोबल के पक्ष में स्वीकृत ग्राम हरदी स्थित रेत खदान की जांच की। जांच के दौरान स्वीकृत क्षेत्र के बाहर अवैध रूप से रेत उत्खनन किए जाने का मामला सामने आया, जिस पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से 3 पोकलेन (PC) मशीनें जब्त कर लीं।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार लंबे समय से क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के मद्देनजर खनिज विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन जांच अभियान चलाया। जांच में स्पष्ट हुआ कि निर्धारित सीमा से बाहर रेत का उत्खनन किया जा रहा था, जो नियमों का खुला उल्लंघन है।यह कार्रवाई खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी देवसर के मार्गदर्शन में सहायक खनिज अधिकारी सुशील चौरसिया की मौजूदगी में की गई। टीम ने मौके की स्थिति का पंचनामा तैयार कर मशीनों को जब्त कर लिया है।
प्रशासन द्वारा अब अवैध रूप से निकाली गई रेत की मात्रा का आंकलन कराया जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मध्य प्रदेश रेत खनिज नियम 2019 के तहत संबंधित पक्ष पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि जिले में अवैध खनन और नियमों के उल्लंघन पर इसी तरह सख्ती जारी रहेगी।
