
नीमच। जावद थाना क्षेत्र के लोद गांव में रविवार को करंट लगने से एक बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान कपिल सालवी (11) के रूप में हुई थी। वह सातवीं कक्षा में पढ़ता था। जानकारी के अनुसार, रविवार की छुट्टी होने के कारण कपिल अपने परिवार के साथ खेत पर गया था। खेत में पानी देते समय वह बिजली कंपनी की एक खुली या नीची बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे उसे तेज करंट लगा।
परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद शव को जिला अस्पताल लाया गया। पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने बिजली लाइन की सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाया है और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
