
भोपाल। साइबर जालसाजों ने दो लोगों के बैंक खातों से करीब 11 लाख रुपए निकाल लिए. कोलार और कजलीखेड़ा पुलिस ने मामलों में केस दर्ज कर, जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक 52 वर्षीय संतोष कुमार सेन एलआईसी में फायनेंस एडवाइजर के पद पर हैं. दानिश कुंज कोलार रोड निवासी सेन को 3 सिंतबर की रात बैंक के सर्वर वाले टोलफ्री नंबर से फोन आया. कालर ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने मल्टी ट्रांजेक्शन किए हैं. संतोष ने इससे इंकार किया तो फोन कट गया. कुछ देर बाद उन्होंने अपने मोबाइल पर आए मैसेज चैक किया तो पता चला कि उनके बैंक खाते से कुल 9 लाख 99 हजार 977 रुपए अलग-अलग समय पर निकाले चा चुके हैं. इसके साथ ही शासकीय विभाग में डिविजन कलर्क पद पर काम करने वाले 59 वर्षीय कृष्ण कुमार के खाते से भी रुपए जालसाजों ने निकाल लिए. कजलीखेड़ा निवासी कृष्ण कुमार ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले वह अपने एक दोस्त के साथ बैठे थे. दोस्त के फोन पर आई एक फाइल नहीं खुल रही थी, जिसे उन्होंने अपने फोन पर ट्रांसफर करके खोली. फाइल के खुलते ही उनके बैंक खाते से दो बार में 99 हजार रुपए कट गए. फरियादी ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की है.
