कोलकाता, 26 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के कोलकाता सेंटर ने सोमवार को जापान के आइची-नागोया में हुए एशियाई खेलों के पदक विजेता साहिल राजेश जाधव, कीर्ति शर्मा और रोवर सतनाम सिंह को सम्मानित किया।
साहिल ने तीरंदाजी में दो स्वर्ण पदक जीते, जबकि कीर्ति उस भारतीय टीम का हिस्सा थीं जिसने महिला रिकर्व स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। सतनाम ने पुरुषों के ‘डबल स्कल्स’ (नौकायन) स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।
सम्मान समारोह में खिलाड़ियों के साथ उनके कोच भी मौजूद थे। साई के कोलकाता स्थित ‘नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (एनसीओई) में साहिल को प्रशिक्षित करने वाले हरेश कुमार और हजारीबाग स्थित साई स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर में कीर्ति के कोच उधम सिंह इस कार्यक्रम में शामिल हुए। साई जगतपुर के कोच और अर्जुन पुरस्कार विजेता इंद्रपाल सिंह भी सतनाम के साथ वहां मौजूद थे।
इस अवसर पर साहिल ने कहा, “मैं साई में अपने कोचों को उनके मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। सफलता मिलने के बाद भी जमीन से जुड़े रहना और कड़ी मेहनत करते रहना बहुत जरूरी है।”
सतनाम ने कहा, “मुझे पूरा भरोसा था कि मैं पुरुषों के ‘क्वाड्रुपल स्कल्स’ में पदक जीतूंगा। लेकिन आखिरी समय में मुझसे ‘डबल स्कल्स’ में हिस्सा लेने के लिए कहा गया। शुरुआत में मुझे भरोसा नहीं था, लेकिन मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ देने का संकल्प लिया था।”
