
मंडला। स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह में प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।
इस दौरान मंत्री ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के साथ परेड का निरीक्षण किया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया।ध्वजारोहण के बाद सुरक्षा बलों ने हर्ष फायर किया। इसके बाद विभिन्न परेड दलों ने सधे कदमों के साथ शानदार मार्च पास्ट कर मंच के सामने से गुजरते हुए राष्ट्रभक्ति, एकता और अनुशासन का संदेश दिया।
समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मंच से सम्मानित किया गया।
सांसद और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य प्रफुल्ल मिश्रा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
