सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर चोर फरार, बृजधाम कालोनी में लाखों की चोरी

खातेगांव। नगर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। नेमावर रोड स्थित ब्रजधाम कॉलोनी में अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान को अपना निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस समय हुई जब परिवार घर पर नहीं था।

फरियादी ओमप्रकाश वर्मा ने एफआईआर दर्ज कराई है। फरियादी के मुताबिक उसका पैतृक घर यादव मोहल्ले में स्थित है। घटना दिनांक को फरियादी की पत्नी और बेटी मायके गई हुई थी, उसी दिन चोरों द्वारा घर को निशाना बनाया गया। फरियादी अपने यादव मोहल्ला स्थित पुराने घर पर था, वह जब रविवार सुबह 6.30 बजे अपने बृजधाम स्थित घर पर गया तो उसने देखा कि मकान के बाहर जो दीवार पर डीवीआर सिस्टम लगा रखा था वह वहां पर नहीं था, उसके तार टूटे हुए थे। घर के दरवाजे की कुंदी टूटी हुई थी। अंदर कमरे के दरवाजे की कुंदी भी टूटी हुई थी। घर का सामान बिखरा पड़ा हुआ था।

आभूषण सहित गुल्लक भी चोरी-

बदमाशों ने कमरों में रखी अलमारी और लॉकर के ताले तोड़े और उसमें रखे सोने के मंगलसूत्र, अंगूठी, टाप्स, कान की झुमकी, माला, चांदी का कड़ा, सिक्के, चूड़ियां, बिछिया, बच्चे की गुल्लक सहित घर में रखी तमाम नकदी समेट कर रफूचक्कर हो गए। चोरी की खबर मिलते ही कॉलोनी में हड़कंप मच गया।

जांच में जुटी पुलिस-

सूचना मिलते ही खातेगांव पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा कॉलोनी और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही संदिग्धों को पकड़कर मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।

Next Post

ट्रंप के आदेश पर 96 घंटे के भीतर ईरान पर बड़े हमले करने के लिए तैयार अमेरिकी सेना : रिपोर्ट

Mon Oct 26 , 2026
वाशिंगटन, 26 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आदेश मिलने के 96 घंटे के भीतर पश्चिम एशिया में तैनात अमेरिकी सेना ईरान के खिलाफ बड़ा सैन्य अभियान शुरू करने के लिए तैयार है। सीएनएन ने दो अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी है। यह बयान ऐसे […]

You May Like