इंदौर: स्वच्छता में देश के नंबर वन इंदौर शहर में लगातार नवाचार किए जा रहे हैं. आज इसी क्रम में नागरिकों एवं रहवासी संगठनों के सहयोग से शहर की बैकलेन को स्वच्छ, सुंदर एवं आदर्श बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा ‘रंग दे बैकलेन’ का आयोजन किया गया.महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर शहर में स्वच्छता के नवाचारों को निरंतर बढ़ावा देने की योजना चलाई जा रही है.
इसी कड़ी में आज सुबह 8 बजे से नगर निगम के सभी झोन क्षेत्रों में जनसहयोग एवं जनसहभागिता से विकसित 21 बैकलेन में ‘रंग दे बैकलेन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसके तहत विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों द्वारा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है. निगम झोन 21, वार्ड 80 के साई निकेतन अपार्टमेंट के पास दुर्गा भोजनालय धनवंतरी नगर बैकलेन में महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं पार्षद प्रशांत बड़वे ने योगा किया. उक्त बैकलेन जनसहयोग से विकसित की गई, जिसमें योग अभ्यास, क्रिकेट मैच, वॉल पेंटिंग सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर स्वच्छता की शपथ दिलाई गई. इस मौके पर अपर आयुक्त प्रखर सिंह, श्रृंगार श्रीवास्तव, एनजीओ संस्था टीम के बेसिक्स प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित थे.
रहवासियों की सक्रियता का परिणाण
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि बैकलेन में पहले कचरा और गंदगी के कारण शिकायतें मिलती थीं, आज उसी स्थान पर योग, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियां हो रही हैं. यह शहर के रहवासियों की सक्रियता का परिणाम है. उन्होंने कहा कि स्वच्छता को बनाए रखने के लिए लगातार नवाचार किए जा रहे हैं. नगर निगम द्वारा हर वर्ष लगभग 50 नई बैकलेन का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है. बैकलेन का उपयोग नागरिकों द्वारा घूमने-फिरने, खेलने, योग अभ्यास और सामुदायिक गतिविधि के लिए किया जा रहा है.
