
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को प्रदेश के बाढ़ प्रभावित जिलों की स्थिति की समीक्षा होमगार्ड मुख्यालय स्थित स्टेट कमांड सेंटर से वीडियो कांफ्रेंसिंग द्वारा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत व बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर जिले के कलेक्टर जिम्मेदार होंगे।
सीएम ने बताया कि दो जिलों के लिए केंद्र सरकार से सहायता भी मांगी गई है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि घबराएं नहीं, प्रशासन को सूचना दें और सरकार हर संभव मदद करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की मदद करने वाले जांबाजों को 15 अगस्त को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
सीएम ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी अलर्ट रहें, कम्युनिकेशन व्यवस्था मजबूत की जाए और कच्चे मकानों व दीवारों से लोगों को दूर रखा जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को नुकसान की भरपाई की जाएगी और जनहानि रोकने के लिए हरसंभव प्रयास हों।
अशोकनगर के लिए सेना का दल लखनऊ से पहुंच चुका है और अन्य प्रभावित जिलों के लिए भी केंद्र से मदद ली जा रही है। सीएम ने दो-चार दिन तक सतर्क रहने की चेतावनी दी है, क्योंकि भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
