
जबलपुर। अखिल भारतीय मानव अधिकार समिति ने प्रदेश में मानवाधिकार हनन, पुलिस प्रशासन की अकर्मण्यता, शिक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली और भ्रष्टाचार के मामलों पर सरकार को घेरने का ऐलान किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय पांडे ने पत्रकारवार्ता में कहा कि बालाघाट में बैगा बच्चों की मौत, सागर में जहरीली शराब से दो दर्जन से अधिक लोगों की मौत, सड़कों-नालियों की दुर्दशा, दूषित जलापूर्ति, टूटते राष्ट्रीय राजमार्गों के ओवरब्रिज, ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क टूटना, शिक्षकों की कमी और रोजगार जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर शीघ्र प्रतिनिधिमंडल भोपाल जाकर राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक से मुलाकात करेगा। समिति ने प्रभावशाली लोगों की अनुशंसा पर महत्वपूर्ण पदों पर बैठे भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई, जहरीली शराब कांड के पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा, गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार, विश्वविद्यालय में चल रहे आंदोलन पर न्यायोचित कार्रवाई तथा राजनीतिक द्वेष से ईडी-सीबीआई की कार्रवाई रोकने सहित किसानों और युवाओं के मुद्दों पर सरकार को ज्ञापन सौंपने की बात कही।
