
सिंगरौली । यातायात पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो पिकअप वाहन में सवारियों का परिवहन करते पकड़ा है और उसपर जुर्माना लगाते हुये कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सियाज केएम के निर्देशन एवं एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी सूबेदार आशीष तिवारी के नेतृत्व में थाना यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार वाहन चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी दौरान यातायात प्रभारी एवं उनकी टीम ने 2 पिकअप मालवाहक वाहनों को रोका, जिनमें लोगों को सवारी की तरह भरकर ले जाया जा रहा था। जांच के दौरान मालवाहक वाहनों का उपयोग यात्रियों के परिवहन के लिए किया जा रहा है, जहां सड़क सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर लापरवाही है। मौके पर दोनों वाहनों के पंजीयन, बीमा, परमिट, सहित आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई। इसके पश्चात वाहन चालकों को समझाइश देते हुए नियमानुसार 3-3 हजार कुल 6 हजार रूपये की चालानी कार्रवाई की गई।
