
सिंगरौली। जिले के मोरवा थाना क्षेत्र में आरएसएस के खिलाफ एक व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक टिप्पणी करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। मामले में आरएसएस के पदाधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, “ऊर्जांचल विस्थापित सहकारी समिति” नामक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से आरएसएस के खिलाफ भ्रामक और आपत्तिजनक जानकारी साझा की गई थी। इस पर आरएसएस पदाधिकारियों ने मोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी रामभजन कुशवाहा, निवासी कोरसर थाना चितरंगी वर्तमान पता – वार्ड क्रमांक 7, पंजरेह बस्ती, थाना मोरवा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इलेक्ट्रॉनिक साधनों के माध्यम से समुदायों के बीच वैमनस्य की भावना फैलाने और मिथ्या जानकारी प्रसारित करने का कार्य किया। उक्त कृत्य भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2) के तहत अपराध की श्रेणी में पाया गया, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है।
