
सारनी। तवा नदी में बढ़ा जलप्रवाह,24 घंटे में 89 मिमी वर्षा से बांध में जलस्तर बढ़ा, प्रशासन ने नदी किनारे सतर्क रहने की दी सलाह।सतत हो रही वर्षा के चलते सतपुड़ा बांध के जलग्रहण क्षेत्र में पानी की आवक तेज हो गई है। गुरुवार सुबह 8 बजे जारी जलाशय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार सतपुड़ा बांध का जलस्तर बढ़कर 1430.45 फीट पहुंच गया। बीते 24 घंटों में 89 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि इस मानसून सत्र में अब तक 367 मिलीमीटर संचयी वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है।बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए गुरुवार सुबह 6:00 बजे से 8:00 बजे तक बांध के 7 गेट 4-4 फीट तक खोलकर अतिरिक्त पानी की निकासी की गई। इससे तवा नदी में जलप्रवाह अचानक बढ़ गया, जिसके चलते नदी किनारे रहने वाले लोगों एवं मछुआरों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग लगातार जलस्तर और वर्षा की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। यदि वर्षा का सिलसिला इसी प्रकार जारी रहा तो आने वाले दिनों में बांध के गेट पुनः खोले जा सकते हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी, पुल-पुलियों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देकर केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें।सतपुड़ा बांध में जलस्तर की लगातार बढ़ोतरी से जहां सिंचाई एवं पेयजल की दृष्टि से राहत की उम्मीद बढ़ी है, वहीं नदी के निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए सतर्कता भी उतनी ही आवश्यक हो गई है।
