भीषण गर्मी, सूखे और जंगलों की विनाशकारी आग से जूझ रहे हैं यूनान और यूरोपीय देश

लंदन, 30 जुलाई (वार्ता) यूनान समेत यूरोप के कई अन्य देश इस समय भीषण गर्मी, सूखे और जंगलों की विनाशकारी आग से जूझ रहे हैं। यूरोप में अत्यधिक गर्मी के कारण जंगलों में भीषण आग भड़क उठी है और यूनान के प्रसिद्ध क्रीट द्वीप पर तेज हवाओं के कारण आग की लपटें तेजी से रिज़ॉर्टों और गांवों की तरफ बढ़ रही हैं, जिसे देखते हुए अधिकारियों ने हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, क्रीट के रेथिम्नो इलाके में 125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं के बीच रात भर में लगभग 8,000 लोगों को अपना घर छोड़कर जाना पड़ा। यह सामूहिक निकासी तब शुरू हुई जब क्रीट में आग बुझाने के दौरान दो दमकल कर्मियों की मौत हो गई और एक अन्य दमकल कर्मी की जान पेलोपोनीज में चली गयी।

मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि इस सप्ताह आग फैलने का यह खतरा मध्य यूरोप की तरफ बढ़ेगा, जिसमें यूनान और तुर्की सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं। क्रीट के रेथिम्नो में बुधवार को शुरू हुई इस आग में कई मकान और खेत जलकर खाक हो चुके हैं। यह इस समय द्वीप पर लगी सबसे बड़ी आग है, जो 15 किलोमीटर से भी बड़े इलाके में फैल चुकी है और पूरी तरह अनियंत्रित है। रेथिम्नो की उप-क्षेत्रीय गवर्नर मारिया लियोनी ने कहा कि अभी नुकसान का सटीक अंदाजा लगाना मुश्किल है और प्रशासन की पहली प्राथमिकता आग पर काबू पाना है। उन्होंने बुधवार के दिन को क्षेत्र के लिए ‘अत्यंत दुखद’ बताया और कहा कि रात में तेज आंधी जैसी स्थिति बन गयी थी।

आग इतनी खतरनाक है कि तेज हवाओं के कारण धधकती लपटों पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है, वहीं खराब मौसम के चलते गुरुवार सुबह राहत कार्य में लगे विमान भी उड़ान नहीं भर सके। निकाले गए लोगों और पर्यटकों के लिए पास की नगर पालिका में अस्थायी राहत शिविर बनाये गये हैं। राहत और बचाव कार्य के लिए 224 अग्निशामक, 53 दमकल गाड़ियां और विशेष टीमें तैनात की गयी हैं।
गौरतलब है कि जुलाई का महीना क्रीट में पर्यटन का सबसे मुख्य समय होता है और यहां लाखों पर्यटक आते हैं। दूसरी तरफ, स्पेन के समोरा शहर में भी आग लगने के कारण पुर्तगाल सीमा के पास से करीब 600 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। पुर्तगाल के वालपासोस शहर में आग की चपेट में आने से पांच लोग झुलस गए हैं।

राहत की बात यह है कि स्पेन की राजधानी मैड्रिड के पास फैली आग अब रुक गयी है और लोग अपने घरों को लौटने लगे हैं।हालांकि स्पेन के एविला प्रांत में लगी आग अब तक 43,000 हेक्टेयर से ज्यादा इलाका जला चुकी है, जिसे स्पेन के इतिहास की सबसे भीषण आग माना जा रहा है। तुर्की में भी आग के कारण सैकड़ों घर खाली कराये गये हैं, हालांकि ज्यादातर इलाकों में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। फ्रांस के गिरोंड इलाके में 42,000 हेक्टेयर क्षेत्र को नुकसान पहुंचाने वाली आग का बढ़ना पिछले तीन दिनों से थमा हुआ है। फ्रांस के कुछ हिस्सों में तापमान 41 डिग्री तक पहुंच गया है। यूरोपीय मौसम एजेंसी ‘कॉपरनिकस’ के अनुसार, जलवायु परिवर्तन के कारण यूरोप बाकी दुनिया की तुलना में दोगुनी तेजी से गर्म हो रहा है। यही वजह है कि अब यूरोप में भीषण गर्मी, पानी की कमी और जंगलों में ऐसी विनाशकारी आग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

.....

Next Post

नाम बदलकर महिला प्रधान आरक्षक को प्रेम जाल में फंसाया, लूटी आबरू

Thu Jul 30 , 2026
जबलपुर। एक युवक ने नाम बदलकर महिला प्रधान को प्रेम जाल में फंसाया और उसकी आबरू लूटी। इसके बाद जबरन धर्म परिवर्तन रोजा रखने, नमाज पढऩे के लिए दबाव बनाया। पीडि़ता ने अब हिन्दू धर्म सेना के साथ मोर्चा खोल दिया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष नीरज राजपूत के नेतृत्व में […]

You May Like