इंदौर. लसूड़िया पुलिस ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते एक युवक को पकड़ा है. आरोपी अपने घर से मोबाइल और लैपटॉप के माध्यम से सट्टे का हिसाब चला रहा था. पुलिस ने मौके से लैपटॉप, पेनड्राइव, सट्टे के हिसाब वाला रजिस्टर और चार हजार रुपए नकद जब्त किए हैं.
पुलिस को सूचना मिली थी कि पंचवटी गेट नंबर-2 स्थित मोहिनी मेंशन के मकान नंबर 811 पर कार्रवाई की. यहां कमल सिंह ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते मिला.
आरोपी मूल रूप से ग्राम सिलखेड़ा, तहसील श्यामपुर, जिला सीहोर का रहने वाला है और फिलहाल इंदौर में रह रहा था. पुलिस ने उसके कब्जे से एचपी कंपनी का लैपटॉप, सैनडिस्क कंपनी की 32 जीबी पेनड्राइव और एक रजिस्टर जब्त किया है. रजिस्टर पर बटरफ्लाय गोल्डन ड्रीम्स लिखा था. उसके अंदर के पन्नों पर ऑनलाइन सट्टे से संबंधित अंक और हिसाब दर्ज मिला. मौके से चार हजार रुपए नकद भी मिले. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है.
