युवा उत्सव में जमुना-कोतमा की सांस्कृतिक धमक, गायन-वादन में प्रथम स्थान

जमुना कोतमा: 30वें जिला स्तरीय युवा उत्सव में जमुना-कोतमा क्षेत्र के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रथम पुरस्कार हासिल किया। गायन एवं वादन विधा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जमुना, भालूमाड़ा, गोविंदा और कोतमा क्षेत्र के कलाकारों ने जिले में क्षेत्र का परचम लहराया। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला अनूपपुर द्वारा आयोजित युवा उत्सव में गुरु एवं मार्गदर्शक चंदन लालपुरी तथा बब्लू महंत के कुशल मार्गदर्शन में कलाकारों ने अपनी कला का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। गायन विधा में उन्नति मिश्रा, अम्बर तिवारी एवं ओम द्विवेदी ने मधुर स्वर और शानदार गायकी से निर्णायक मंडल एवं दर्शकों को प्रभावित किया। वहीं तबला वादन में सक्षम कुमार कन्नौजिया तथा ढोलक वादन में दिव्यांश बरसैंया ने अपनी वादन कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सराहना प्राप्त की।
प्रतिभाओं को शील्ड देकर किया सम्मानित
युवा कलाकारों की इस उपलब्धि पर रक्षित निरीक्षक श्रीमती ज्योति दुबे एवं जिला वॉलीबॉल संघ, अनूपपुर के अध्यक्ष चैतन्य मिश्रा ने बच्चों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान कलाकारों के हुनर, मेहनत और संगीत के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।
गुरुजनों के मार्गदर्शन में मिली सफलता
जमुना-कोतमा क्षेत्र के कलाकारों की यह उपलब्धि निरंतर अभ्यास, सामूहिक मेहनत और गुरुजनों के मार्गदर्शन का परिणाम है। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर इन युवा प्रतिभाओं ने न केवल अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया, बल्कि जिले की सांस्कृतिक प्रतिभा को भी नई पहचान दी। इस गौरवपूर्ण सफलता पर क्षेत्रवासियों ने उन्नति मिश्रा, अम्बर तिवारी, ओम द्विवेदी, सक्षम कुमार कन्नौजिया, दिव्यांश बरसैंया सहित गुरु चंदन लालपुरी एवं बब्लू महंत को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Next Post

टीवी सुधारने में देरी पर दुकानदार की गोली मारकर हत्या

Sat Oct 31 , 2026
इंदौर: टीवी सुधारने में देरी को लेकर हुए विवाद में इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालक की गोली मारकर हत्या करने वाले पूर्व आर्मी जवान को अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. डॉ. अंबेडकर नगर महू की अदालत ने आरोपी पर 5 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया.मामला 12 सितंबर 2022 […]

You May Like