बीजिंग, 21 जनवरी (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान के बाद कि उनकी ओर से प्रस्तावित ‘बोर्ड ऑफ पीस’ संयुक्त राष्ट्र का स्थान ले सकता है, चीन ने संयुक्त राष्ट्र प्रणाली की रक्षा करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने बुधवार को एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि चीन हमेशा से सच्चे बहुपक्षवाद के प्रति प्रतिबद्ध रहा है और वह संयुक्त राष्ट्र के केंद्र वाली अंतरराष्ट्रीय प्रणाली की मजबूती से रक्षा करेगा।
श्री गुओ की यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के उस बयान के बाद आई है, जिसमें श्री ट्रम्प ने मंगलवार को कहा था कि उनके द्वारा प्रस्तावित ‘बोर्ड ऑफ पीस’ संयुक्त राष्ट्र की जगह ‘ले सकता है’।
श्री गुओ ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्थिति चाहे कैसी भी हो, चीन संयुक्त राष्ट्र के केंद्र वाली अंतरराष्ट्रीय प्रणाली, अंतरराष्ट्रीय कानून से समर्थित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उद्देश्यों एवं सिद्धांतों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय संबंधों को नियंत्रित करने वाले बुनियादी मानदंडों की मजबूती से रक्षा करेगा।

