खेत के पास मिला नर तेंदुए का शव, पोस्टमार्टम में बाघ के हमले के संकेत

मण्डला। वन परिक्षेत्र किसली अंतर्गत जरियावारे पगडंडी मार्ग के पास गुरुवार को एक वयस्क नर तेंदुए का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना कक्ष क्रमांक 632 (16), बीट लांघादादर क्षेत्र की बताई गई है। सूचना मिलते ही वन विभाग ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थल को सुरक्षित किया और डॉग स्क्वॉड की मदद से आसपास सघन जांच शुरू की। प्राथमिक जांच के दौरान घटनास्थल पर बाघ की मौजूदगी के साक्ष्य मिले हैं। मृत तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम वन्यप्राणी चिकित्सकों की टीम द्वारा किया गया। चिकित्सकीय परीक्षण में तेंदुए के शरीर पर बाघ के दांतों के निशान पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया आपसी संघर्ष में मौत की आशंका जताई जा रही है। तेंदुए के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं।

निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शव का अंतिम निपटान (दाह संस्कार) किया गया। पूरी कार्रवाई क्षेत्र संचालक कान्हा टाइगर रिजर्व मण्डला के निर्देशन में, उप संचालक (कोर), सहायक संचालक, एनटीसीए के प्रतिनिधि, संबंधित तहसीलदार, मानद वन्यजीव अभिरक्षक, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि एवं वन अमले की उपस्थिति में संपन्न हुई । वन विभाग ने बताया कि जंगल में वन्यजीवों के बीच क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर संघर्ष की घटनाएं असामान्य नहीं हैं। मामले की विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।

Next Post

कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

Thu Feb 19 , 2026
रीवा। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया तथा उपस्थिति पंजी एवं अन्य नस्तियाँ जप्त की. शिल्पी प्लाजा स्थित कार्यालय में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यालय के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया तथा उपस्थित कर्मचारियों से उनके द्वारा किये जा रहे कार्यों के […]

You May Like