सीहोर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व जन्माष्टमी जिले भर में उत्साह के साथ मनाया गया. इस अवसर पर जिला मुख्यालय पर यादव समाज द्वारा विशाल चल समारोह निकाला गया, वहीं बुधनी, आष्टा सहित अन्य नगरों में भी भगवान की शोभायात्रा निकाली गई. बुधनी. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर नगर कृष्ण भक्ति में सराबोर नजर आया. सुबह से ही नगर के प्राचीन मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण का विशेष श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई. मंदिरों को आकर्षक विद्युत सज्जा कर फूलों से सजाया गया. वहीं भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं. सुबह से ही भगवान के दर्शनों के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही. दोपहर में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्री राधा-कृष्ण मंच एवं सर्व यादव समाज के तत्वावधान में नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई. शोभायात्रा में शामिल अखाड़े, आकर्षक झांकियां और कलाकारों की प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया. शोभायात्रा में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य करते हुए शामिल हुए. जगह-जगह नगरवासियों ने शोभायात्रा का स्वागत किया. शोभायात्रा नगर के प्राचीन खेड़ापति हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री राधाकृष्ण मंदिर, गोकुलधाम पहुंची, जहां धार्मिक वातावरण के बीच शोभायात्रा का समापन हुआ. कार्यक्रम के अंत में समिति के अध्यक्ष मांगीलाल यादव ने शोभायात्रा में शामिल सभी का आभार व्यक्त किया. आष्टा. श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर विधायक गोपालसिंह इंजीनियर जगदीश्वर धाम मन्दिर पहुंचे एवं अभिषेक पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए. भगवान श्री कृष्ण के दर्शन कर आशीर्वाद लिया. मंदिर प्रमुख मनीष पाठक एवं डॉ दीपेश पाठक का स्वागत कर बधाई दी. श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर यादव समाज द्वारा चल समारोह निकाला गया. जिसमें विधायक इंजीनियर ने शामिल हुए. उन्होंने समाजजनों को जन्माष्टमी की बधाई एवं शुभकामनाएं दी. चल समारोह में विशाल चौरसिया, महेन्द्र ठाकुर, मोहित सोनी, सौरभ जैन, सुमित मेहता, बलवीर ठाकुर, हेमन्तगीर महाराज, कृष्णा शर्मा, बंटी जायसवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.
देवालयों में गूंजा, नंद घर आनंद भयो, जय यशोदलाल की
