
गरोठ। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर मुस्लिम समाजजनों ने सेवा और इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया। खिदमत-ए-खल्क ग्रुप गरोठ द्वारा आयोजित इस शिविर में 60 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
शासन और स्वास्थ्य मिशन के तहत जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे “रक्तदान जीवनदान” अभियान का असर अब जनजागरण में स्पष्ट दिखने लगा है। अस्पतालों व मेडिकल कॉलेजों में अक्सर रक्त की कमी से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी को देखते हुए मुस्लिम समाज के युवाओं ने पर्व को सेवा भाव के साथ मनाने का संकल्प लिया और चल समारोह निकालने के बाद रक्तदान शिविर आयोजित किया।
ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य युवाओं को रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर अय्युब अगवान, फैजान अहमद, निजाम जिंद्रान, मोईन अगवान, शाहरुख मंसूरी, रईस अगवान, वसीम कुरैशी, अनस मंसूरी, हकीम अगवान, शाहरुख शाह, शफी कुरैशी, सईद शाह सहित समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
