
सीधी ।जिले भर में 5 सितम्बर को देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के अवसर पर शिक्षक दिवस का आयोजन किया गया इस दौरान शिक्षकों का सम्मान भी किया गया।
शिक्षक दिवस के अवसर पर खासतौर से शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रमों का आयोजन कर देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चरित्र पर प्रकाश डाला गया तथा शिक्षकों का समाज में क्या महत्व है, शिक्षकों का आचरण और व्यवहार कैसा होना चाहिए तथा छात्रों का शिक्षकों के प्रति व्यवहार कैसा होना चाहिए इस पर भी लोगों ने विमर्श किया तथा अपने-अपने स्तर पर अपने अपनी राय रखी।
शिक्षक दिवस के अवसर पर दीप रिसोर्ट अमिलिया में सुग्रीव ग्रामीण सद्भावना समिति द्वारा आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में शामिल होते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री कमलेश्वर पटेल ने मार्गदर्शक शिक्षकों को सम्मानित किया। इस दौरान श्री पटेल ने कहा कि शिक्षकों का स्नेह, अनुशासन और शिक्षा ही भारत के भविष्य की मजबूत नींव है। जब मैं स्कूल में था, तब मेरे गुरुजनों ने एक बात सिखाई थी चाहे कुछ भी बन जाना डॉक्टर, इंजीनियर या नेता, पर सबसे पहले एक अच्छा इंसान बनना। वही सीख आज भी मेरी सोच और कमो्रं की दिशा तय करती है। उन्होंने कहा कि गुरु का ज्ञान सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं होता वो जीवन भर साथ चलता है। इस दौरान प्रमुख रूप से जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष चिंतामणि तिवारी, जिला कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एड.विनोद कुमार वर्मा, नगर पालिका परिषद सीधी के पार्षद विनोद मिश्रा सहित अन्य लोगों उपस्थित रहे।
गुरू केवल एक शब्द नहीं बल्कि ऊर्जा का संगम: ज्ञान
ज्ञान महाविद्यालय पनवार सीधी में आयोजित शिक्षक समारोह में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने सम्मिलित होकर अपने जीवन के प्रेरणा स्त्रोत, पथ प्रदर्शक और समाज के आधारस्त छात्रों को शिक्षक दिवस की बधाई दी। इस दौरान श्री सिंह ने कहा कि शिक्षक न केवल ज्ञान के दीप होते हैं बल्कि चरित्र निर्माण के शिल्पकार भी होते हैं। गुरु केवल एक शब्द ही नहीं बल्कि अनुभव, अनुशासन और आत्मिक ऊर्जा का संगम है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ.के.एस.नेताम हेड ऑफ जियोग्राफी एसजीएस कॉलेज एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में देवेन्द्र सोनी, विजय द्विवेदी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
००
शिक्षक व्यक्ति को संस्कारयुक्त बनाते हैं: गोविंद
देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के अवसर पर जिले भर में शिक्षकों का सम्मान किया गया। शिक्षक दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत रामपुर नैकिन की शिक्षा समिति के द्वारा चंद्राज मैरिज गार्डन रामपुर नैकिन में पूर्व सांसद गोविंद प्रसाद मिश्रा के मुख्य आतिथ्य, ऋषिराज मिश्रा उपाध्यक्ष जनपद पंचायत की अध्यक्षता एवं अंकिता सीएस सिंह सभापति जैव विविधता, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष आनंद बिहारी मिश्रा, जनपद सदस्य महेन्द्र सिंह भदौरिया, अरुण शेखर त्रिपाठी, समाजसेवी संतोष शुक्ला, डॉ.महेन्द्र तिवारी, वरिष्ठ शिक्षक केशव प्रसाद पाण्डेय, शंकर प्रसाद मिश्रा, रामसुमिरन द्विवेदी, बलराज सिंह की उपस्थिति में 131 सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए पूर्व सांसद गोविंद प्रसाद मिश्रा ने कहा कि समाज में शिक्षक सबसे ज्यादा पूज्यनीय रहे हैं। शिक्षक व्यक्ति को संस्कारयुक्त बनाने का काम करते हैं। शिक्षकों ने अपने ज्ञान से व्यक्ति को ज्ञानवान, बलवान व देश-दुनिया के बारे में सोचने-समझने, घर परिवार के प्रति आदर-सम्मान सिखाते रहे हैं। उन्होंने शिक्षा समिति जनपद पंचायत रामपुर नैकिन के उपाध्यक्ष एवं आयोजन समिति के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
