ओटावा,19 जुलाई (वार्ता) कनाडा के ऊर्जा एवं प्राकृतिक संसाधन मंत्री टिम हॉजसन ने शुक्रवार को कहा कि अगस्त तक पश्चिमी कनाडा के अधिकांश हिस्सों में जंगल की आग के के बढ़ने की आशंका है और यह औसत से कहीं अधिक तेज हो सकती है।
श्री हॉजसन ने जंगल की आग का पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा कि इसका सबसे ज़्यादा खतरा दक्षिणी ब्रिटिश कोलंबिया में है। मौसम के पूर्वानुमान जुलाई से अगस्त तक देश के अधिकांश हिस्सों में औसत से अधिक तापमान का संकेत देते है और आने वाले हफ़्तों में विशेष रूप से पश्चिम और उत्तर में शुष्क परिस्थितियों के और बढ़ने की संभावना है।
मंत्री ने कहा कि इन मौसम पूर्वानुमानों के आधार पर यूकोन से पूर्व की ओर उत्तर-पश्चिमी ओंटारियो और नोवा स्कोटिया तथा पूर्वी न्यू ब्रंसविक में जंगल में आग लगने का बड़ा खतरा है।
श्री हॉजसन ने बताया कि इस साल जुलाई तक देश भर में 3,000 से ज़्यादा जंगली आग लग चुकी है जिससे लगभग 55 लाख हेक्टेयर जंगल जलकर राख हो गया है।मंत्री ने वाइल्डफायर रेजिलिएंस कंसोर्टियम ऑफ़ कनाडा की स्थापना के लिए चार वर्षों में लगभग 11.7 मिलियन कनाडाई डॉलर (85 लाख अमेरिकी डॉलर) के निवेश की भी घोषणा की जो एक राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र और वन्यभूमि अग्नि नवाचार एवं ज्ञान के लिए एक आभासी केंद्र के रूप में कार्य करेगा।

