मोदी ने फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों के साथ यूक्रेन सहित द्विपक्षीय मुद्दों पर की बात

नयी दिल्ली 06 सितम्बर (वार्ता) रूस-यूक्रेन संघर्ष के समाधान को लेकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर किये जा रहे प्रयासों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ टेलीफोन पर बातचीत की और कहा कि दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी की वैश्विक शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका है।

बातचीत के बाद श्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति मैक्रों के साथ उनकी अच्छी बातचीत हुई और दोनों ने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग के साथ-साथ यूक्रेन के मुद्दे पर भी विचारों का आदान प्रदान किया। भारत संघर्ष के जल्द समाधान और क्षेत्र में स्थायी शांति की बहाली के प्रयासों का निरंतर समर्थन करता रहा है।

श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “राष्ट्रपति मैक्रों के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई। हमने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा और आकलन किया। यूक्रेन में संघर्ष को शीघ्र समाप्त करने के प्रयासों सहित अंतर्राष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी वैश्विक शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी।”

प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि दोनों नेताओं ने आर्थिक, रक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में प्रगति की समीक्षा की और उसका आकलन किया। उन्होंने फ्रांस के साथ ‘होराइजन 2047 रोडमैप’, हिंद-प्रशांत रोडमैप और रक्षा औद्योगिक रोडमैप के अनुरूप भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने की अपनी प्रतिबद्धता की भी पुष्टि की।

दोनों नेताओं ने यूक्रेन में संघर्ष समाप्त करने के हाल के प्रयासों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। प्रधानमंत्री मोदी ने संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान और शांति एवं स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए भारत के निरंतर समर्थन को दोहराया।

प्रधानमंत्री मोदी ने अगले वर्ष फरवरी में भारत में आयोजित किये जाने वाले ‘एआई इम्पैक्ट’ शिखर सम्मेलन के लिए निमंत्रण स्वीकार करने पर राष्ट्रपति मैक्रों को धन्यवाद दिया और भारत में उनका स्वागत करने के लिए उत्सुकता व्यक्त की।

दोनों नेताओं ने वैश्विक शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए संपर्क में बने रहने और मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की।

 

 

Next Post

भीड़ नियंत्रण में इंदौर पुलिस का नवाचार,विशेष ड्रोन से होगी भीड़ नियंत्रण के लिए निगरानी

Sat Sep 6 , 2025
इंदौर।प्रदेश में पहली बार भीड़ नियंत्रण के लिए एक विशेष ड्रोन कैमरे की मदद ली जा रही है। आज अनंत चतुर्दर्शी में भीड़ नियंत्रण व निगरानी के लिए इंदौर पुलिस इसका उपयोग कर रहा है। इस ड्रोन की विशेषता यह है कि इसमें पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम भी इनबिल्ट है। जो […]

You May Like