भोपाल: राजधानी के मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मेनिट) के हॉस्टल क्रमांक 9 और 11 में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने संयुक्त निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान मेस, रसोईघर, खाद्य भंडारण, पेयजल व्यवस्था, आरओ प्लांट, जल टंकियों और स्वच्छता व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान आरओ सिस्टम में गंदगी और पानी में सूक्ष्म काले कण पाए गए, जिसके बाद आरओ आउटलेट और जल भंडारण टंकी से पानी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
इसके अलावा तुअर दाल, काबुली चना, घी, पंपकिन सीड्स और इमली सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने भी गुणवत्ता जांच के लिए लिए गए हैं।जांच में यह भी सामने आया कि हॉस्टल की कैंटीन बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित की जा रही थी। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र, स्वास्थ्य परीक्षण रिकॉर्ड, खाद्य हैंडलर्स के प्रशिक्षण संबंधी दस्तावेज और पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं मिले। रसोईघर में मकड़ी के जाले, अपर्याप्त सफाई और हाउसकीपिंग में भी गंभीर कमियां पाई गईं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी नमूनों को रासायनिक और सूक्ष्मजीवविज्ञान जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित एजेंसियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
