
इंदौर। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी के बाद दोस्ती खून-खराबे में बदल गई। गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक पर उसके ही दोस्तों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार घायल युवक मोहम्मद हुसैन पिता आरिफ, निवासी गुलजार कॉलोनी है। उसका अपने दोस्तों बिलाल, जिहान और आमिल से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पहले दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई, फिर बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसी दौरान आरोपियों में से एक ने अचानक चाकू निकालकर मोहम्मद हुसैन पर वार कर दिया, जो सीधे उसकी कमर में जा लगा। खून से लथपथ युवक मौके पर गिर पड़ा।
शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गए। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। जूनी इंदौर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
