बकाया फीस पर बवाल: छात्रा को नहीं मिला एडमिट कार्ड एबीवीपी का प्रदर्शन

जबलपुर। नर्मदा रोड कटंगा स्थित जॉनसन हायर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार सुबह उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब कक्षा दसवीं की छात्रा को कथित रूप से फीस बकाया होने के कारण एडमिट कार्ड नहीं दिया गया। आरोप है कि एडमिट कार्ड न मिलने से छात्रा परीक्षा में शामिल नहीं हो सकी। मामले की जानकारी मिलते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता स्कूल पहुंच गए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और विरोध स्वरूप स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे।

आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से है छात्रा

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि फीस के अभाव में किसी छात्रा का भविष्य दांव पर लगाना अन्यायपूर्ण है। जानकारी के अनुसार, छात्रा सानिया उइके आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से है। उसकी मां घरों में काम कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं, जिससे समय पर फीस जमा नहीं हो सकी। छात्रा को निःशुल्क ट्यूशन देने वाले शिक्षक पराग दीवान ने बताया कि सानिया पढ़ाई में अच्छी रही है। उनका कहना है कि फीस बकाया होने के कारण उसे तिमाही, छमाही और अंततः वार्षिक परीक्षा में भी बैठने से रोका गया।

छात्रा को परीक्षा में बैठने के लिए कहा: प्रबंधन

वहीं स्कूल प्रबंधन ने सभी आरोपों को खारिज किया है। प्रबंधन के अनुसार छात्रा की लगभग 9 हजार रुपये फीस बकाया थी। स्कूल का दावा है कि एडमिट कार्ड वितरित किए जा चुके थे और छात्रा को परीक्षा में बैठने के लिए कहा गया था, लेकिन वह स्वयं परीक्षा देने नहीं आई। प्रबंधन का यह भी कहना है कि कई बार संपर्क करने के बावजूद छात्रा उपस्थित नहीं हुई और अब संस्थान पर प्रताड़ना के आरोप लगाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Next Post

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में शामिल 'बॉबी कबूतर' गिरफ्तार

Wed Feb 18 , 2026
नयी दिल्ली, 18 फरवरी (वार्ता) दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या सहित कई बड़े आपराधिक मामलों से जुड़े महफूज अली उर्फ बॉबी कबूतर को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने बताया कि पिछले दिसंबर में दो भाइयों की नृशंस हत्या में कथित […]

You May Like