
निवास। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पिपरिया, निवास में शनिवार को दर्जनों छात्र-छात्राओं के बीमार होने से हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि यह फूड पॉइजनिंग का मामला है। जानकारी के अनुसार दो दर्जन से अधिक बच्चे अचानक उल्टी-दस्त से पीड़ित हो गए, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। इनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें सौंपना शुरू कर दिया है। घटना की सूचना पर कवरेज के लिए पहुंचे मीडिया प्रतिनिधियों को विद्यालय परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई और गेट पर ताला लगाए जाने से मीडिया कर्मी बाहर ही बैठकर जानकारी जुटाते रहे।
