विधानसभा उपचुनाव: तमिलनाडु की दो और पुडुचेरी की एक सीट पर मतों की गिनती शुरू

चेन्नई, 09 अक्टूबर (वार्ता) तमिलनाडु में मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा की दो आरक्षित सीटों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की एकमात्र थट्टानचावडी सीट के लिए 6 अक्टूबर को हुए उपचुनावों के मतों की गिनती शुक्रवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई।

इन चुनावों के नतीजों पर सबकी नज़र है क्योंकि यह पांच महीने पुरानी टीवीके के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार के लिए एक बड़ी परीक्षा है । मुख्यमंत्री विजय की पार्टी ने 23 अप्रैल के आम चुनावों में शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सामने आई थी, लेकिन बहुमत हासिल नहीं कर पाई थी। हालांकि, विजय ने द्रविड़ मनेत्र कषगम (द्रमुक) के पांच पूर्व सहयोगियों के समर्थन से सरकार बनाने में कामयाबी हासिल की और उनमें से तीन को कैबिनेट में भी शामिल किया। यह द्रविड़ क्षेत्र में पहली गठबंधन सरकार थी।

ऑल इंडिया अन्ना द्रमुक मुनेत्र कषगम (एआईएडीएमके) के छह बागी विधायकों में से दो के इस्तीफे के बाद हुए इन उपचुनावों को विजय सरकार के कामकाज के पैमाने के तौर पर देखा जा रहा था।

सुबह 8 बजे गिनती की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही, 60 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज शाम तक हो जाएगा। इनमें तमिलनाडु की दो सीटों पर 49 उम्मीदवार (मदुरंतकम में 27 और धारापुरम में 22) और पुडुचेरी की थट्टानचावडी सीट पर 11 उम्मीदवार शामिल हैं।

मदुरंतकम में मतदान प्रतिशत 86.26प्रतिशत (कुल 2.12 लाख वोटों में से 1,84,423 वोट) रहा, जो अप्रैल के आम चुनावों में दर्ज 93.22 प्रतिशत से लगभग सात प्रतिशत कम है। वहीं, धारापुरम में मतदान प्रतिशत 80.31 प्रतिशत (कुल 2.23 लाख वोटों में से 1,79,337 वोट) रहा, जबकि अप्रैल के चुनावों में यह 89.89 प्रतिशत था।

 

Next Post

UPI यूजर्स के लिए बड़ी खबर, MDR पर 18% से घटकर 5% हो सकता है GST! काउंसिल की बैठक में हुआ विचार

Fri Oct 9 , 2026
मुंबई, जीएसटी परिषद ने यूपीआई एमडीआर पर जीएसटी दर को 18% से घटाकर 5% करने पर विचार किया, जिससे डिजिटल पेमेंट इकोसिस्टम को बढ़ावा मिलेगा। जानें बैठक में लिए गए अन्य अहम फैसले। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई जीएसटी परिषद की 57वीं बैठक कई […]

You May Like