
नयी दिल्ली, 01 जून (वार्ता) महिला कांग्रेस ने कि बिहार के मुजफ्फरपुर में नाबालिग से दुष्कर्म की जघन्य घटना में पुलिस तथा डॉक्टरों के व्यवहार को अत्यंत शर्मनाक और अमानवीय बताते हुए रविवार को कहा कि पीड़िता को न्याय मिलने तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने आज यहां एक बयान में कहा कि यह क्रूरतम अपराध है। इस पर पुलिस और डॉक्टरों ने जिस तरह का व्यवहार किया है वह अत्यंत शर्मनाक और खेदजनक है। इस घटना को लेकर पुलिस ने प्राथमिक की दर्ज नहीं की और डॉक्टरों ने पीड़ित बच्चे का इलाज करने से इनकार कर दिया जो अत्यंत अमानवीय कृत्य है।
सुश्री लाम्बा ने कहा,“बिहार के मुजफ्फरपुर में एक नाबालिग बच्ची के साथ हैवानियत की गई। इस घटना में जब बच्ची को गंभीर हालत में पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया तो उसे समय से इलाज नहीं मिला। नाबालिग बच्ची घंटों एंबुलेंस में बिना इलाज दर्द से तड़पती रही। पीड़ादायक खबर यह है कि वह मासूम अब इस दुनिया में नहीं रही। इस घटना ने बिहार सरकार के हेल्थ सिस्टम को बेनकाब कर दिया है। हमारी मांग है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तत्काल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री का इस्तीफा लें।”
उन्होंने कहा कि इस मामले में जब तक बच्ची और उसके परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक कांग्रेस पार्टी यह लड़ाई लड़ती रहेगी।
