सागर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्ग ग्राम रानगिर में सागर संभाग के डीआईजी शशीन्द्र चौहान द्वारा जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रामीणों ने खुलकर अपनी विभिन्न समस्याओं, आवश्यकताओं एवं स्थानीय मुद्दों से डीआईजी को अवगत कराया।डीआईजी ने ग्रामीणों की समस्याओं को पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा प्रत्येक विषय पर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों द्वारा रखी गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने तथा आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि पुलिस का मूल दायित्व आमजन की सुरक्षा, सेवा और उनके बीच विश्वास का वातावरण बनाए रखना है। पुलिस एवं प्रशासन की कार्यप्रणाली में जनसहभागिता और संवाद का विशेष महत्व है। ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस अधिकारी निरंतर आमजन के संपर्क में रहें और उनकी समस्याओं को सुनकर यथासंभव मौके पर ही समाधान की दिशा में पहल करें। डीआईजी श्री चौहान ने ग्रामीणजनों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की समस्या, अपराध अथवा असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि पुलिस द्वारा उनकी शिकायतों एवं समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाएगी।कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी रहली निरीक्षक संजय ऋषिश्वर सहित थाना रहली का पुलिस स्टाफ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित यह जनसंवाद कार्यक्रम पुलिस की संवेदनशील, जवाबदेह एवं जनहितैषी कार्यप्रणाली का प्रभावी उदाहरण रहा। ग्रामीणों ने भी डीआईजी द्वारा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुने जाने एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए जाने पर संतोष व्यक्त किया।
रानगिर में डीआईजी सागर ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
