चंडीगढ़, 28 मई (वार्ता) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में भी कार्यकर्ताओं ने लगातार जनसंपर्क कर पार्टी को बड़ी जीत दिलाई।
श्री सैनी दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी), मुरथल में नगर निगम सोनीपत के नव-निर्वाचित महापौर राजीव जैन और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने महापौर राजीव जैन और सभी पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां हर कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप भाजपा महिलाओं को नेतृत्व में आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि प्रदेश सरकार और नगर निगम की नयी टीम मिलकर सोनीपत के विकास को तीन गुना गति देगी। शहर में सड़क, स्वच्छता, पेयजल, सीवरेज और अन्य आधुनिक सुविधाओं के विस्तार पर तेजी से काम होगा।
समारोह में मंडल आयुक्त राजीव रतन ने नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
