पूर्व राज्यपाल शेखर दत्त का निधन, साय ने जताया शोक

रायपुर 02 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यपाल और भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. शेखर दत्त का बुधवार को दिल्ली में निधन हो गया। वह 80 वर्ष के थे।

इस बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने डा. दत्त के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे डॉ. दत्त को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

डॉ. शेखर दत्त का जीवन प्रशासनिक दक्षता, राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान और जनसेवा के लिए जाना जाता है। उन्होंने भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय में सचिव, उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और विभिन्न उच्च पदों पर कार्य किया था। देश की सुरक्षा नीति और रक्षा संरचना के निर्माण में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।

वह छत्तीसगढ़ के चौथे राज्यपाल थे।

वहीं मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्वर्गीय श्री शेखर दत्त जी एक कुशल प्रशासक, दूरदर्शी नेता और देश सेवा के प्रति पूर्णतः समर्पित व्यक्तित्व थे। अपने लम्बे प्रशासनिक अनुभव और अद्भुत कार्यकुशलता से उन्होंने छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

श्री साय ने कहा कि स्वर्गीय श्री दत्त जी का जीवन सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट जनसेवा के आदर्श मूल्यों से परिपूर्ण था। उनके निधन से देश ने एक प्रबुद्ध और कर्मठ व्यक्तित्व को खो दिया है, जिसकी भरपाई कठिन है।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की भी प्रार्थना की है।

Next Post

कर संग्रहण बढ़ाने के उपायों पर कार्य करें: साय

Wed Jul 2 , 2025
रायपुर 02 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को वाणिज्यिक कर (जीएसटी) विभाग की समीक्षा बैठक लेते हुए विभाग के कार्यों एवं राजस्व संग्रहण की विस्तार से जानकारी प्राप्त की और कर संग्रहण बढ़ाने के उपायों पर कार्य करने के निर्देश दिए। श्री साय ने यहां […]

You May Like