मुंगावली: शहीदी दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उस समय असहज स्थिति बन गई, जब केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पुत्र महाआर्यमन सिंधिया की जुबान फिसल गई। संबोधन के दौरान उन्होंने श्रद्धांजलि देने के बजाय शुभकामनाएं शब्द का इस्तेमाल कर दिया, जिसे लेकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई।
महाआर्यमन सिंधिया, जो अपने सहज और उत्साही अंदाज के लिए पहचाने जाते हैं, मुंगावली में आयोजित चतुर्थ अर्जुन कप नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। यह प्रतियोगिता मुंगावली विधायक के पुत्र एवं ज्ञानालय परिवार के प्रमुख अर्जुन सिंह यादव द्वारा लगातार चौथे वर्ष आयोजित की जा रही है।
जेल तालाब मैदान पर आयोजित इस टूर्नामेंट का शुभारंभ परंपरा के अनुसार संगीतमय सुंदरकांड पाठ से हुआ, जिसे जिनेंद्र भार्गव मंडली ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में महाआर्यमन सिंधिया के नगर आगमन पर उनका भव्य स्वागत भी किया गया।
