पुरुष पुनर्वास गृह में लांग स्टे होम की क्षमता अब 50 सीटर होगी

ग्वालियर: ऐसे मानसिक रोगी जो ठीक हो चुके हैं, मगर उनके अपने उन्हें लेने नहीं आए हैं अथवा फिर जिनके घर का पता नहीं चला है। ऐसे निराश्रितों के लिये जिला प्रशासन द्वारा सामाजिक न्याय विभाग व रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से गुड़ीगुढ़ा नाका क्षेत्र में पुरुष पुनर्वास गृह (लांग स्टे होम) संचालित है। इस लांग स्टे होम का विस्तार किया जा रहा है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने लांग स्टे होम के विस्तार कार्य का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने लांग स्टे होम के प्रबंधन को निर्देश दिए कि यहां निवासरत लोगों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने हर कक्ष में घड़ी लगवाने व गर्मी के मौसम को ध्यान में रखकर कमरों को ठंडा रखने के लिये कूलर व वेंटीलेशन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही मच्छर जालियां लगवाने के लिये भी कहा। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि मानसिक रोग से मुक्त हो चुके जिन लोगों को पुनर्वास गृह में आश्रय दिया गया है उनके घर का पता लगाकर उन्हें घर तक भेजने के भी प्रयास जारी रखें।

वर्तमान में लांग स्टे होम में लगभग 15 निराश्रितों को आश्रय मिला हुआ है। अब इसे 50 सीटर बनाया जा रहा है। इससे संबंधित अधिकांश काम पूर्ण हो चुके हैं। लांग स्टे होम में मानसिक रोग चिकित्सालय द्वारा रिफर किए गए लोगों को आश्रय दिया जाता है। निरीक्षण के दौरान जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव नवल शुक्ला तथा पुनर्वास गृह प्रबंधन से जुड़े सेवाभावी नागरिक मौजूद थे।

Next Post

अब रिछाई औद्योगिक क्षेत्र जाना हुआ और आसान, नगर निगम ने मार्ग को किया अतिक्रमण मुक्त

Thu Mar 26 , 2026
जबलपुर: जिला, पुलिस और निगम प्रशासन के संयुक्त अभियान में अधारताल औद्योगिक क्षेत्र रिछाई मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाया गया। यह कार्यवाही कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में पूरी की गई। अतिक्रमण अधिकारी मनीष तड़से ने बताया […]

You May Like