नयी दिल्ली, 08 अक्टूबर (वार्ता)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साइबर धोखाधड़ी और अपराधों के सीमा रहित स्वरूप को देखते हुए इनकी रोकथाम के लिए वैश्विक व्यवस्था बनाए जाने का पुरजोर आह्वान किया है। श्री मोदी ने गुरुवार को यहां 10 वीं इंडिया मोबाइल कांग्रेस का उद्घाटन करने के बाद कहा कि साइबर की दुनिया में सीमाओं की बंदिश खत्म हो गई है, एक देश में बैठा व्यक्ति दूसरे देश के साथ मिलकर तीसरे देश में अपराध कर सकता है। इसे रोकने के लिए सरकारों, वित्तीय संस्थानों और दूरसंचार नेटवर्क और सेवा कंपनियों को मिलकर एक मजबूत वैश्विक व्यवस्था बनाने के लिए काम करना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि साइबर सिक्योरिटी व्यवस्था को चाक चौबंद करना आवश्यक है। प्रौद्योगिकी तभी लोकप्रिय होती है जब लोगों का उस पर भरोसा हो। आम आदमी टेक्नोलॉजी में प्रोटोकॉल को नहीं समझता वह तो यह सोचता है कि उसको जो फोन कॉल मिल रही है जो संदेश आ रहा है क्या वह सही है, वह जो पैसा भेज रहा है वह सही जगह जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा आम आदमी के लिए प्रौद्योगिकी पर भरोसा बहुत ही अहम है।
इस कार्यक्रम में संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि संचार सारथी ऐप से देश में बड़ी संख्या में डिजिटल फ्रॉड और मोबाइल चोरी को रोकने में मदद मिली है।
इंडिया मोबाइल कांग्रेस में दूरसंचार और डिजिटल सेवा क्षेत्र की देश-विदेश की कंपनियों के प्रतिनिधि विशेषज्ञ और नीति निर्माता भाग ले रहे हैं।

