चेन्नई, 19 फरवरी (वार्ता) डेड रबर मुक़ाबले अब अफ़ग़ानिस्तान के लिए नहीं रह गए हैं। उन्होंने 2023 वनडे विश्व कप में इंग्लैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका और नीदरलैंड्स को हराया था और ऑस्ट्रेलिया को हराने के बेहद करीब थे। न्यूज़ीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश को हराते हुए उन्होंने 2024 टी20 विश्व कप सेमीफ़ाइनल में अपनी जगह बनाई थी। इस टी20 विश्व कप में ग्रुप ऑफ डेथ का हिस्सा बनाए जाने पर उनके आगे जाने की पूरी उम्मीद थी। दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ डबल सुपर ओवर वाले मैच में दिल तोड़ने वाली हार ने उनके अभियान को अधर में लटका दिया था। कनाडा के ख़िलाफ उनका मैच अब केवल एक मैच ही है, इसमें कुछ भी दांव पर नहीं लगा है। मोहम्मद नबी 41 साल के हो चुके हैं और बीपीएल के एक मैच में अपने बेटे के साथ खेल चुके हैं। हालांकि, राशिद ख़ान के मुताबिक़ उनकी टीम का कोई भी खिलाड़ी फिलहाल भविष्य के बारे में नहीं सोच रहा है। कनाडा ने टी20 विश्व कप में अपनी छाप छोड़ी है। उनके 19 वर्षीय ओपनर सामरा ने रिकॉर्ड बनाया है। युवराज सामरा ने दिखाया है कि क्रिकेट के कितने टैलेंट एसोसिएट देशों में है और उनकी टीम इस मंच से विदा लेने से पहले एक जीत जरूर दर्ज करना चाहेगी।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
यदि रहमानउल्लाह गुरबाज ने केशव महाराज की उस गेंद पर अपना बल्ला थोड़ा और मोड़ दिया होता और गेंद को फ़ील्डर से कुछ इंच दूर मार पाते तो उन्हें चौका मिल जाता जिससे मैच तीसरे सुपर ओवर में चला जाता। हालांकि, वह ऐसा कर नहीं पाए और आउट होने के बाद काफ़ी गुस्से में थे। उन्होंने मैदान पर बल्ला इतनी जोर से मारा ख़ुद हवा में उछल गए। उस मैच से उबर पाना गुरबाज के लिए काफ़ी मुश्किल होगा और शायद थोड़े और रन बनाकर वह अच्छा महसूस करेंगे।
नवनीत धालीवाल गुरूवार रिपीट गुरूवार को कनाडा के साथ अपना करियर ख़त्म करेंगे। 37 वर्षीय पूर्व कप्तान इस फ़ॉर्मेट में कनाडा के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। 2024 T20 विश्व कप के लिए टीम को क्वालीफ़ाई कराना उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि रही है। करियर के अपने अंतिम मैच में वह एक यादगार प्रदर्शन करना चाहेंगे।
टीम न्यूज़ यदि कोई खिलाड़ी चोटिल नहीं हुआ तो दोनों ही टीमों में किसी बदलाव की उम्मीद नहीं है। अफ़ग़ानिस्तान (संभावित): 1 रहमानउल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), 2 इब्राहिम जदरान, 3 गुलबदीन नईब, 4 सेदिकुल्लाह अटल, 5 दारविश रसूली, 6 अजमतुल्लाह ओमरज़ाई, 7 मोहम्मद नबी, 8 राशिद ख़ान (कप्तान), 9 मुज़ीब उर रहमान, 10 नूर अहमद, 11 जियाउर रहमान कनाडा (संभावित): 1 दिलप्रीत बाजवा (कप्तान), 2 युवराज सामरा, 3 नवनीत धालीवाल, 4 निकोलस कीर्टन, 5 श्रेयस मोव्वा (विकेटकीपर), 6 हर्ष ठाकेर, 7 साद बिन जफर, 8 जसकरन सिंह, 9 डिलियन हेलिगर, 10 शिवम शर्मा, 11 अंश पटेल
पिच और परिस्थितियां ये मैच शाम सात बजे से शुरू होगा तो ओस की भूमिका देखने को मिल सकती है। ऐसे में जो भी टीम टॉस जीतेगी वो पहले गेंदबाज़ी करना पसंद करेगी। चेन्नई में पिच बल्लेबाज़ी के लिए शानदार रही है और लगातार अच्छी विकेटों के साथ टूर्नामेंट से पहले की गई प्रेडिक्शन को ग़लत साबित किया है।

