नोएडा, (वार्ता) उत्तर प्रदेश के सेंट्रल नोएडा में सेक्टर-63 थाना क्षेत्र के जी ब्लॉक स्थित एक फुटवेयर कंपनी में मंगलवार को अचानक आग लग गयी। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल की छह गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। दमकल कर्मियों ने आग को आसपास फैलने से रोकते हुए पूरी तरह बुझा दिया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है। घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग बुझाने के बाद दमकल कर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोबारा आग भड़कने की आशंका को देखते हुए स्थिति की जांच की। आग से कंपनी में हुई संपत्ति की क्षति का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
