इंदौर:मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित माय यूथ माय प्राइड कार्यक्रम में युवाओं के साथ उत्साहपूर्ण सहभागिता की. मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं. उनके संकल्प, साहस और सकारात्मक ऊर्जा से विकसित भारत का निर्माण संभव है.इस दौरान उन्होंने ‘आज़ाद युवा मोटर बाइक रैली’ और ‘शंकर संकल्प साइकिल यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा स्वयं बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर युवाओं का उत्साह बढ़ाया. दोनों यात्राओं का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ मालवा के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया, उनसे संवाद किया, सेल्फी खिंचवाई और लाइव म्यूजिक व राष्ट्रभक्ति गीतों का आनंद भी लिया. ‘वंदे मातरम्’ सहित देशभक्ति गीतों पर युवाओं के साथ उनका उत्साहपूर्ण सहभाग कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा. कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मालिनी गौड़, रमेश मेंदोला, उषा ठाकुर, गोलू शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे.
युवाओं ने साझा किए अपने अनुभव
भोपाल की साइकिलिस्ट चंद्रकांता बजाज ने बताया कि वह भोपाल से साइकिल चलाकर इंदौर कार्यक्रम में शामिल हुई हैं. उनके अनुसार ऐसे एडवेंचर और फिटनेस आधारित आयोजन युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के लिए प्रेरित करते हैं.कमलेश चंदवानी अपने परिवार के साथ कार्यक्रम में पहुंचे. उन्होंने कहा कि युवाओं को पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए. उनकी पत्नी कविता चंदवानी ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक कार्यों में लगाएं.
इंदौर पॉलिटेक्निक कॉलेज की छात्रा नैना चौधरी ने बताया कि स्टार्टअप सत्र से उन्हें उद्यमिता और सरकारी योजनाओं की महत्वपूर्ण जानकारी मिली. उन्होंने भविष्य में अपना स्टार्टअप शुरू कर रोजगार सृजित करने की इच्छा जताई.पॉलिटेक्निक कॉलेज की प्राध्यापक डॉ. विजेता भटूरे ने कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने वाले युवा नौकरी तलाशने के बजाय स्वरोजगार की ओर बढ़ रहे हैं. उन्होंने अपनी छात्रा महक का उदाहरण देते हुए बताया कि उसने कंप्यूटर क्षेत्र में अपना स्टार्टअप शुरू किया है. उनके अनुसार ऐसे कार्यक्रम युवाओं में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देते हैं
